---Advertisement---

नए साल के स्वागत को तैयार मसूरी, जाम से बचने के लिए बदला ट्रैफिक रूट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

By: Neetu Bhati

On: Wednesday, December 31, 2025 6:46 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

मसूरी। नए साल के जश्न के लिए पहाड़ों की रानी मसूरी पूरी तरह तैयार है। शहर के होटल और बाजार सज चुके हैं और पर्यटकों के स्वागत के लिए होटलों में विशेष पैकेज और मनोरंजन कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है। जाम की समस्या से बचाने के लिए देहरादून से मसूरी जाने वाले ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया गया है।

सीओ मसूरी मनोज असवाल ने बताया कि नए साल के मौके पर मसूरी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में बड़ी बसों को किंग्रेग में रोका जाएगा और जरूरत पड़ने पर शटल सेवा भी शुरू की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर पीएसी की एक प्लाटून पुरुष और एक प्लाटून महिला बल की तैनाती रहेगी। देर रात तक लगातार गश्त की जाएगी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि नए साल को लेकर होटल कारोबारियों में खासा उत्साह है। फिलहाल एडवांस बुकिंग करीब 50 फीसदी तक पहुंच चुकी है, जो 31 दिसंबर तक और बढ़ने की उम्मीद है। बड़े और स्टार कैटेगरी के होटलों में करीब 60 फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस बार नए साल पर मसूरी में अच्छी संख्या में सैलानी पहुंचने की उम्मीद है और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों से समन्वय बना हुआ है।

नगर पालिका प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि शहर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है ताकि पर्यटकों को बेहतर माहौल मिल सके।

उधर, देहरादून से मसूरी जाने वाले पर्यटकों को जाम से बचाने के लिए 30 दिसंबर से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है, जो 31 दिसंबर की रात तक प्रभावी रहेगा। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नए साल पर दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक देहरादून और मसूरी आते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।

यह रहेगा ट्रैफिक रूट प्लान:

दिल्ली, रुड़की-सहारनपुर से मोहंड होते हुए मसूरी जाने वाले वाहन आईएसबीटी-शिमला बाईपास से सेंट ज्यूड्स चौक, बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट तिराहा, अनारवाला तिराहा, जोहड़ी गांव, मसूरी रोड और कुठाल गेट होते हुए मसूरी जाएंगे।

वहीं दिल्ली, हरिद्वार-ऋषिकेश से जोगीवाला की ओर से आने वाले वाहन मोहकमपुर फ्लाईओवर से जोगीवाला यूटर्न लेकर पुलिया नंबर-6, रिंग रोड, लाडपुर तिराहा, सहस्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क, किरशाली चौक, साईं मंदिर तिराहा और मसूरी डायवर्जन-कुठाल गेट के रास्ते मसूरी भेजे जाएंगे।

मसूरी में निर्धारित पार्किंग स्थल:

पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड, कैम्प्टी टैक्सी स्टैंड, टाउनहॉल के नीचे, किंग्रेग, मसूरी के समस्त होटल, अटल उद्यान (कंपनी गार्डन) रोड, मैसानिक लॉज बस अड्डा, विकास होटल पार्किंग कुलड़ी और गज्जी बैंड में सड़क किनारे वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

देहरादून में पार्किंग स्थल:

रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, एमडीडीए पार्किंग घंटाघर के पास और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक के पास।

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक रूट की जानकारी जरूर लें और नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और खुशहाल नए साल का आनंद लें।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 24, 2026

October 24, 2026

October 24, 2026

October 22, 2026

October 15, 2026

June 22, 2026

Leave a Comment