देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुस्लिम यूनिवर्सिटी संबंधी बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह निराधार और झूठा बताया।
प्रीतम सिंह ने कहा कि यदि कोई यह साबित कर दे कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर ऐसा कोई बयान दिया है, तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी माहौल में मुद्दों से भटकाने के लिए इस प्रकार के आरोप लगा रही है।
भूमि आवंटन को लेकर भी उठाए सवाल
प्रीतम सिंह ने कहा कि वर्ष 2002 में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब शैक्षिक संस्थानों के लिए भूमि लीज पर दी गई थी, जो सरकारों द्वारा पूर्व से दी जाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने डाकपत्थर में जमीन कौड़ियों के दाम पर बेची है।
उन्होंने मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट की अरबों रुपये की संपत्ति को भी कौड़ियों के दाम पर देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।
भाजपा पर मुद्दाविहीन होने का आरोप
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे मुद्दों को उछाल रही है।





