देहरादून। देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीसीए की एक छात्रा की प्री-मेच्योर डिलीवरी के कुछ दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका खटीमा, जिला ऊधमसिंहनगर की रहने वाली थी और यहां अपने ही क्षेत्र के एक युवक के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने यूसीसी पोर्टल पर लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण नहीं कराया था और न ही उनके परिजनों को इस संबंध की कोई जानकारी थी।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया
जानकारी के अनुसार, रविवार को छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसका प्रेमी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि मृतका सुभाषनगर स्थित एक यूनिवर्सिटी से बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी।
आठ महीने में हुई थी सिजेरियन डिलीवरी
पुलिस के मुताबिक छात्रा गर्भवती थी और कुछ दिन पहले उसने आठ महीने के गर्भ में प्री-मेच्योर सिजेरियन डिलीवरी के जरिए बच्चे को जन्म दिया था। नवजात शिशु की हालत को देखते हुए उसे एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है।
प्रेमी के साथ रह रही थी छात्रा
मृतका अपने प्रेमी मनीष के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मनीष ने भी उसी यूनिवर्सिटी से बीएससी न्यूट्रीशन साइंस की पढ़ाई की है। डिलीवरी के बाद छात्रा प्रेमी के साथ ही रह रही थी। रविवार को हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों को नहीं थी जानकारी
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक और युवती ने अपने परिजनों को लिव-इन रिलेशनशिप की जानकारी नहीं दी थी। जब छात्रा को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, तभी परिजनों को इस बारे में पता चला। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर परिजन खटीमा से देहरादून पहुंचे।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





