नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सोशल मीडिया आरोपों को लेकर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और कुछ अन्य व्यक्तियों के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। गौतम ने अदालत से कथित मानहानिकारक कंटेंट हटाने और दो करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, दुष्यंत कुमार गौतम की याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है। याचिका में कहा गया है कि 24 दिसंबर 2024 को उनके खिलाफ अपमानजनक वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए, जो देखते ही देखते वायरल हो गए। गौतम का आरोप है कि यह सामग्री जानबूझकर गढ़ी गई ताकि उन्हें एक जघन्य अपराध से जोड़कर उनकी छवि खराब की जा सके।
याचिका में कहा गया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न तो उन्हें आरोपी बनाया गया है और न ही किसी जांच एजेंसी ने उन्हें इस मामले में संलिप्त बताया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ झूठा नैरेटिव फैलाया गया, जो फेक न्यूज की श्रेणी में आता है और राजनीतिक लाभ के लिए किया गया प्रयास है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एक रिसॉर्ट में सितंबर 2022 में 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बीजेपी के पूर्व नेता के बेटे पुलकित आर्य समेत तीन आरोपियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि उत्तराखंड पुलिस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी भ्रामक जानकारियां फैलाने के आरोप में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की हैं। दुष्यंत कुमार गौतम के अनुसार, व्यापक जांच के बावजूद ऐसा कोई भी सबूत सामने नहीं आया है, जो उन्हें इस अपराध से जोड़ता हो।
यह मामला तब और चर्चा में आया जब भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने एक वीडियो में आरोप लगाया कि अंकिता पर जिस वीआईपी के साथ संबंध बनाने का दबाव था, वह भाजपा का वरिष्ठ नेता था। इसके बाद जारी एक ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर दुष्यंत कुमार गौतम का नाम लिया गया। हालांकि, सुरेश राठौर ने दावा किया कि ऑडियो क्लिप एआई से तैयार की गई है और पार्टी को बदनाम करने की साजिश है। दुष्यंत कुमार गौतम ने भी इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
इस पूरे मामले में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने दुष्यंत कुमार गौतम पर तीखे हमले किए, जिसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया।





