देहरादून। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट वितरण पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि टिकट उसी नेता को मिलेगा, जो चुनाव जीतने की क्षमता रखता होगा। पार्टी के भीतर चल रही अटकलों पर चुटकी लेते हुए डॉ. रावत ने कहा कि कुछ लोग अभी से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का नाम लेकर कह रहे हैं कि उनका टिकट फाइनल है, जबकि “टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।”
डॉ. हरक सिंह रावत का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हर कोई यह कह रहा है कि उसका टिकट फाइनल है, लेकिन यह कैसे फाइनल हो गया, यह किसी को पता नहीं।
जीतने वाले को ही मिलेगा टिकट
डॉ. रावत ने कहा कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है और इस नाते उनके पास टिकट के लिए कई सिफारिशें आ रही हैं। लेकिन पार्टी का रुख बिल्कुल स्पष्ट है , “जिस नेता में जीतने का दम होगा, टिकट उसी को मिलेगा। चाहे वह हरक सिंह का करीबी हो, गोदियाल का या प्रीतम सिंह का।”
“मैं पार्टी का सिपाही हूं”
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि वे किसी खास सीट की जिद नहीं कर रहे हैं।उन्होने कहा कि “मैं पार्टी का सिपाही हूं। जिस सीट से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा, मैं वहां से चुनाव लड़ूंगा।”
हरक सिंह रावत के इस बयान को कांग्रेस के भीतर अनुशासन और स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे टिकट को लेकर चल रही अंदरूनी चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश मानी जा रही है।





