---Advertisement---

पार्टी फोरम से बाहर बयानबाजी पर भाजपा ने लगाई रोक, नेताओं को दी सख्त चैतावनी

By: Neetu Bhati

On: Saturday, January 24, 2026 7:32 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून | भाजपा विधायक अरविंद पांडे समेत कुछ नेताओं की हालिया बयानबाजी से संगठन असहज नजर आ रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए भाजपा ने पार्टी फोरम से इतर किसी भी तरह की सार्वजनिक बयानबाजी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही निर्देशों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया गया है कि वे संगठनात्मक मंच के बाहर कोई बयान न दें।

निर्देशों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

महेंद्र भट्ट ने कहा, “तत्काल प्रभाव से सभी नेताओं की बयानबाजी पर रोक लगाई गई है। इसके बाद भी यदि कोई नेता पार्टी लाइन से हटकर बयान देता है तो संगठन उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।”
उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में विधायक अरविंद पांडे के बयानों को लेकर उनसे बातचीत की गई है। भट्ट ने कहा कि अरविंद पांडे सरकार का हिस्सा हैं और उन्हें यह सलाह दी गई है कि वे अपनी बात पार्टी फोरम या मुख्यमंत्री के समक्ष रखें, न कि सार्वजनिक रूप से।

बजट सत्र के दौरान होगी कोर कमेटी की बैठक

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पिछली कोर कमेटी की बैठक लोकसभा सत्र के दौरान दिल्ली में हुई थी। अब संसद के बजट सत्र के दौरान अगली कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन और सरकार से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

होर्डिंग विवाद पर दी सफाई

होर्डिंग से प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम गायब होने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि होर्डिंग का डिजाइन दिल्ली से ही तैयार होकर आया था। उन्होंने इस मामले में चल रही अन्य चर्चाओं को निराधार और अफवाह बताया।
भाजपा नेतृत्व के इस फैसले के बाद स्पष्ट संकेत हैं कि पार्टी अब अनुशासन को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment