देहरादून |उत्तराखंड में मौसम का मिजाज आखिरकार बदल गया है। मौसम विशेषज्ञों के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार सुबह से राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ जिलों में ओलावृष्टि और तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी भी दी गई है।
पर्वतीय जिलों में अधिक प्रभाव
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 23 जनवरी को देहरादून के पर्वतीय इलाकों के साथ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासतौर पर 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार अधिक बने हुए हैं।
ओलावृष्टि और तेज हवाओं की आशंका
प्रदेश के मैदानी और अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। कई जगहों पर ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
28 जनवरी तक बने रह सकते हैं हालात
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में यह बदला हुआ मौसम 28 जनवरी तक बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा व दैनिक गतिविधियों की योजना बनाने की अपील की है।
मौसम के इस बदलाव से एक ओर जहां पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ेगी, वहीं लंबे समय से शुष्क मौसम का सामना कर रहे इलाकों को बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





