देहरादून | उत्तराखंड में लंबे समय से जारी बारिश और बर्फबारी का सूखा अब खत्म होने की उम्मीद जगी है। मौसम विभाग ने 22 से 24 जनवरी तक प्रदेशभर में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है। एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के चलते 23 जनवरी को मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की संभावना जताई गई है।
23 जनवरी को रहेगा सबसे अधिक असर
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से मंगलवार को विशेष प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि 22 जनवरी की रात से मौसम में बदलाव शुरू होगा, जिसका असर 24 जनवरी की दोपहर तक देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 23 जनवरी को प्रदेश में मौसम का मिजाज सबसे अधिक तल्ख रहेगा।
इन पांच पहाड़ी जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है।2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की आशंका और 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी की संभावना हो सकती है।
मैदानी इलाकों में भी बारिश के आसार
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 23 और 24 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सड़कें हो सकती हैं बंद, सतर्क रहें
भारी बर्फबारी की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रशासन और आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है।
बर्फबारी से सड़कें अवरुद्ध हो सकती हैं
बिजली की लाइनें और पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। लोगों को पावर बैकअप और जरूरी दवाइयां तैयार रखने की सलाह दी गई है।
पर्यटकों के लिए विशेष सलाह
पहाड़ी इलाकों की यात्रा कर रहे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव जहां किसानों और जल स्रोतों के लिए राहत लेकर आ सकता है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता बरतना बेहद जरूरी होगा।




