देहरादून। उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी की पुरोला विधानसभा सीट से भाजपा विधायक दुर्गेश्वर लाल और उनकी पत्नी निशा के खातों में मनरेगा की मजदूरी राशि पहुंचने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। यह प्रकरण अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। सवाल उठ रहे हैं कि विधायक पद पर रहते हुए विधायक और उनकी पत्नी के खातों में मनरेगा की धनराशि आखिर कैसे पहुंची।
मामले को लेकर विधायक दुर्गेश्वर लाल ने अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने पूरे प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी उत्तरकाशी को शिकायती पत्र सौंपा है और साथ ही अपना बयान भी जारी किया है।
विधायक का कहना है कि उन्हें बदनाम करने के लिए यह पूरा मामला जानबूझकर उछाला जा रहा है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि सरकार ने इस मामले में जांच बैठा दी है और जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच में उनकी भूमिका स्पष्ट होगी और सभी आरोप बेबुनियाद साबित होंगे।





