देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। जहां रविवार को पहाड़ से मैदान तक मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही, वहीं सोमवार से मैदानी इलाकों में कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं।
3000 मीटर से ऊपर बर्फबारी की ज्यादा संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक बनी हुई है। आने वाले दिनों में 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
12 फरवरी से मौसम शुष्क
पूर्वानुमान के मुताबिक 12 फरवरी से मौसम शुष्क हो जाएगा। इसके बाद मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से गर्मी का अहसास बढ़ेगा और तापमान में भी इजाफा दर्ज किया जाएगा।
दून में तापमान सामान्य से ऊपर
रविवार को देहरादून में चटख धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखी गई।
मौसम में हो रहे इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।





