पिथौरागढ़/बैतडी। पिथौरागढ़ जिले की सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बैतडी से बजांग जा रही बारातियों से भरी बस पुरचूंणी नगरपालिका-7 के बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुल्हन लेकर लौट रही थी बस
हादसे का शिकार हुई बस संख्या सु.प.प्र. 02001 ख 1119 पुरचूंणी के भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। बारात में बड़ी संख्या में लोग सवार थे।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, हादसे के बाद रात में ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।
- 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई
- 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा
- 2 की मौत कोटिला अस्पताल में हुई
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल 25 लोगों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 5 गंभीर घायलों को धनगढी रेफर किया गया है। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है।
चालक हिरासत में, क्षमता से अधिक सवारियां बनीं कारण
पुलिस ने बस चालक वीरेंद्र बुढा को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक सवारियां थीं और चढ़ाई पर वाहन के अनियंत्रित होने से यह भीषण हादसा हुआ।।




