---Advertisement---

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का कहर, अगले 5–6 दिन मौसम रहेगा शुष्क और ठंडा

By: Neetu Bhati

On: Saturday, January 10, 2026 2:37 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून: उत्तराखंड के कई जिले इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच से छह दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क और ठंडा बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पहाड़ी इलाकों में ठंड और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मसूरी में तापमान माइनस एक डिग्री तक गिर गया है।

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

हालांकि प्रदेश में बारिश और बर्फबारी नहीं होने से मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन सुबह और शाम की सूखी ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अन्य शहरों की बात करें तो पंतनगर में अधिकतम तापमान 19.4 और न्यूनतम 2.5 डिग्री, मुक्तेश्वर में 14.5 और 1.0 डिग्री, नई टिहरी में 14.6 और 0.2 डिग्री, मसूरी में 15.3 और 3.9 डिग्री, खटीमा में 17 और 4.0 डिग्री तथा पिथौरागढ़ में अधिकतम 17.7 और न्यूनतम 1.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह के समय कुहासा छाया रह सकता है। देहरादून में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment