---Advertisement---

उर्मिला सनावर देर रात पहुंचीं देहरादून, एसआईटी के सामने पेश होकर सबूत देने का किया दावा

By: Neetu Bhati

On: Wednesday, January 7, 2026 7:38 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर चर्चा में रहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर मंगलवार देर रात देहरादून पहुंचीं। सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी दर्शन भारती के साथ दिल्ली से दून आईं उर्मिला ने कहा कि वह जल्द ही पुलिस और विशेष जांच टीम (एसआईटी) के समक्ष पेश होकर अपने पास मौजूद साक्ष्य सौंपेंगी।

देहरादून पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में उर्मिला सनावर ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज किए गए सभी मुकदमे पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी जांच के नाम पर उन पर दबाव बनाने और चुप कराने की कोशिश की जा रही है।
उर्मिला ने कहा कि वह अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ठोस और पुख्ता सबूत लेकर आई हैं और उनका एकमात्र उद्देश्य अंकिता को न्याय दिलाना है। उन्होंने संकेत दिए कि वह जल्द ही एसआईटी के समक्ष उपस्थित होंगी।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर किए गए खुलासों और भाजपा नेताओं पर लगाए गए आरोपों के बाद उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने उनके सहारनपुर स्थित आवास पर नोटिस चस्पा कर बयान और साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। 29 दिसंबर को फेसबुक लाइव के बाद से ही उनके देहरादून आने को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, जो अब खत्म हो गया है।

सशर्त नार्को टेस्ट को तैयार उर्मिला सनावर

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े साक्ष्यों को लेकर सुर्खियों में आईं उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट कराने के लिए सशर्त रूप से तैयार हैं। यह दावा स्वामी दर्शन भारती ने किया है। उन्होंने कहा कि उर्मिला एसआईटी के सामने अपना पक्ष और सबूत प्रस्तुत करेंगी, लेकिन उससे पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर को भी नार्को टेस्ट के लिए सहमति देनी होगी।

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की तहरीर पर डालनवाला थाने में दर्ज मुकदमे की जांच तेज कर दी गई है। इस मामले में उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर छवि खराब करने और दंगे फैलाने की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं। एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि मुकदमे से जुड़े सभी तथ्यों को केस डायरी में शामिल किया जा रहा है और जांच जारी है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment