देहरादून | प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग और बिजली विभाग दोनों अलर्ट मोड में आ गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि 24 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ेगा, हालांकि इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि 25 और 26 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश में दोबारा हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
बारिश-बर्फबारी के बीच यूपीसीएल सतर्क
मौसम को देखते हुए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने भी पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। यूपीसीएल प्रबंधन ने सभी अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि बारिश और बर्फबारी के दौरान प्रदेशभर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुचारू रखी जाए।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिकारी और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपने कार्यस्थल को न छोड़े।
जीरो रिस्पॉन्स टाइम का लक्ष्य
एमडी अनिल कुमार ने कहा कि किसी भी स्थान पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम होना चाहिए। विभाग का लक्ष्य “जीरो रिस्पॉन्स टाइम” रखना है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यूपीसीएल ने मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 7579179109 जारी किया है। आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ता इस नंबर पर संपर्क कर सकते है।
नेटवर्क की लगातार निगरानी
एमडी ने बताया कि प्रदेशभर में विद्युत वितरण नेटवर्क की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी 33/11 केवी उपकेंद्रों, फीडरों और वितरण ट्रांसफार्मरों का विशेष निरीक्षण कर निवारक रख-रखाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
साथ ही सभी क्षेत्रीय और मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ट्रांसफार्मर, ट्रॉली, केबल, कंडक्टर, इंसुलेटर और अन्य जरूरी विद्युत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित मरम्मत और बिजली आपूर्ति की बहाली सुनिश्चित की जा सके।





