उत्तराखंड: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते शुक्रवार को हुई वर्षा और बर्फबारी के तीन दिन बाद मंगलवार शाम को फिर से वर्षा और बर्फबारी का दौर शुरू हुआ, जिससे निचले इलाकों में तापमान गिरकर कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। बुधवार को भी सीजन की दूसरी बर्फबारी और वर्षा जारी रही।
भारी बर्फबारी के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुक्की टॉप से आगे और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राना चट्टी से जानकी चट्टी और राड़ी टॉप तक बाधित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते शुक्रवार को लंबे इंतजार के बाद गंगोत्री, यमुनोत्री, खरवाली, मुखवा और हर्षिल जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई थी।
अब गंगोत्री, मोरी और हर्षिल क्षेत्र में हल्की बर्फबारी का दौर फिर से शुरू हो गया है, जबकि जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा हो रही है। इस मौसम ने जनपद में ठंड और बर्फबारी के साथ सर्दियों की रौनक फिर से बढ़ा दी है, हालांकि प्रमुख हिल स्टेशनों और मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।




