सोमेश्वर: राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी अब गंभीर समस्या बनती जा रही है। इसी को लेकर गुरुवार को छात्राओं और अभिभावकों ने सोमेश्वर चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अभिभावक संघ ने बताया कि विद्यालय में कार्यरत अंग्रेजी विषय की सहायक अध्यापिका को नवंबर माह में देहरादून अटैच कर दिया गया, जिसके बाद से अंग्रेजी की कक्षाएं पूरी तरह बंद हैं। इससे विद्यालय की 188 छात्राएं पढ़ाई से वंचित हो रही हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के चलते बालिकाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। शिक्षकों की कमी से न केवल पढ़ाई प्रभावित हो रही है बल्कि स्कूल में नामांकन भी घट रहा है।
अभिभावकों ने मांग की कि शिक्षक को तत्काल वापस भेजा जाए और सभी रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की जाए। प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष शिक्षक-अभिभावक संघ रेखा बोरा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्राएं मौजूद रहीं।





