देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते थे, अगर उस समय वे सरकार में होते तो निश्चित रूप से उसी दिशा में आगे बढ़ते। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह बात जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी है।
दून विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से पूरा मामला सामने आया है, उससे स्थिति साफ हो गई है और प्रकरण में कार्रवाई की जाएगी।
सहसपुर जमीन प्रकरण की होगी जांच
मदरसे के नाम पर ट्रस्ट को दी गई सहसपुर क्षेत्र की जमीन को अन्य लोगों को बेचे जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला गंभीर है।
उन्होंने बताया कि जांच के आदेश दिए जा चुके हैं और यदि जमीन नियमों और व्यवस्था के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो नियम-कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने स्पष्ट किया कि यदि जमीन को सरकार में निहित करना पड़ेगा, तो वह भी किया जाएगा।
डॉ. नित्यानंद के विचारों को आगे बढ़ाएगी सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार डॉ. नित्यानंद की जन्म शताब्दी मना रही है। उन्होंने बताया कि डॉ. नित्यानंद ने बहुत पहले ही सीमांत क्षेत्रों में बिगड़ती डेमोग्राफी, हिमालय और पर्यावरण को लेकर चिंता जताई थी।
सीएम ने कहा कि डॉ. नित्यानंद के जो भी शोध और विचार हैं, सरकार उन्हें आगे बढ़ाने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री के इस बयान को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।





