चमोली। रविवार सुबह चमोली जिले में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह 10 बजकर 27 मिनट पर आए इस भूकंप से लोग घबरा जरूर गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 3.7 रिक्टर स्केल दर्ज की गई। इसकी गहराई करीब 500 मीटर मापी गई। भूकंप का केंद्र गोपेश्वर और ज्योतिर्मठ के बीच बताया गया है।
भूकंप के झटके गोपेश्वर, जोशीमठ, गैरसैंण सहित आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए। झटके कम समय के लिए थे, लेकिन लोगों में थोड़ी देर के लिए दहशत फैल गई।
सिस्मिक ज़ोन में आता है उत्तराखंड
विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। पूरा राज्य हिमालयी सिस्मिक ज़ोन में आता है, जहां लगातार भूकंपीय हलचल देखी जाती है। चमोली में भी एक महीने में यह दूसरा भूकंप है।
क्यों बार-बार आते हैं झटके?
हिमालय क्षेत्र में इंडियन प्लेट लगातार उत्तर की ओर बढ़ रही है, जबकि यूरेशियन प्लेट दक्षिण की ओर। दोनों प्लेटों के टकराव से जमीन के अंदर ऊर्जा इकट्ठी होती है।जब यह ऊर्जा एक झटके में बाहर निकलती है, तो भूकंप महसूस होता है। इसी वजह से यहां छोटे-मोटे भूकंप अक्सर आते रहते हैं।
प्रशासन ने जारी की अपील
आपदा प्रबंधन टीम ने बताया कि किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। फिर भी लोगों से सावधानी बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।
प्रशासन ने कहा कि वे लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।





