चमोली/ऋषिकेश । वसंत पंचमी के पावन अवसर पर आज भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की औपचारिक घोषणा की जाएगी। परंपरा के अनुसार गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार पहुंचेगी, जहां पंचांग पूजा के उपरांत कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित की जाएगी।
डिम्मर से शुरू हुई गाडू घड़ा यात्रा
गुरुवार को चमोली जनपद के डिम्मर गांव से डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के सदस्यों द्वारा गाडू घड़ा लेकर ऋषिकेश के लिए यात्रा प्रारंभ की गई। इससे पूर्व श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर, डिम्मर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।
डिम्मर गांव के पुजारी टीका प्रसाद डिमरी एवं आचार्यों ने भगवान विष्णु के सहस्त्रनाम और नामावलियों के मंत्रोच्चार के साथ गाडू घड़ा का महाभिषेक किया और बाल भोग अर्पित किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गाडू घड़ा की मंदिर परिक्रमा कराई गई।
जयकारों के बीच ऋषिकेश रवाना
भगवान श्री बदरीविशाल के जयकारों के साथ गाडू घड़ा यात्रा रात्रि प्रवास हेतु ऋषिकेश के लिए रवाना हुई। शुक्रवार सुबह पुजारी गाडू घड़ा लेकर नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेंगे।
राजदरबार में होगी महत्वपूर्ण घोषणा
श्री बदरीश डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने बताया कि वसंत पंचमी के दिन नरेंद्रनगर राजदरबार में महाराजा मनुजेंद्र शाह द्वारा पंचांग पूजा संपन्न कराई जाएगी। इसके पश्चात बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि के साथ-साथ भगवान के महाभिषेक में प्रयुक्त होने वाले तिलों के तेल को पिरोने की प्रक्रिया और गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथियों की भी विधिवत घोषणा की जाएगी।
गौरतलब है कि हर वर्ष वसंत पंचमी के दिन ही परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित की जाती है, जिसका देश-विदेश के श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार करते हैं।




