---Advertisement---

महेंद्र भट्ट को धमकी देने वाला आरोपी चिन्हित, कर्नाटक में होटल कर्मचारी निकला युवक, मांगी माफी

By: Neetu Bhati

On: Wednesday, December 31, 2025 8:37 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को फोन पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के मामले में देहरादून पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी युवक पिथौरागढ़ जिले का रहने वाला है और वर्तमान में कर्नाटक में एक होटल में नौकरी कर रहा है। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी हरकत के लिए माफी मांगी है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को एक अज्ञात नंबर से महेंद्र भट्ट के निजी मोबाइल पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। भट्ट द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी का व्यवहार उग्र बना रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे अपनी राजनीतिक छवि को धूमिल करने की साजिश और अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस को शिकायत दी थी।

शिकायत के आधार पर कैंट कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर लिया है। उसकी पहचान राहुल सिंह चुफाल, निवासी पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि वह फिलहाल कर्नाटक में रहकर एक होटल में काम कर रहा है।

एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, अपनी पहचान उजागर होने और पुलिस कार्रवाई के डर से आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी है। वीडियो में उसने कहा कि वह आवेश में आकर यह गलती कर बैठा। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।

पुलिस द्वारा आरोपी को नोटिस जारी किया जा रहा है और उसे जल्द ही कैंट थाने में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज कराने होंगे। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment