देहरादून | उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने 26 से 28 जनवरी तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बर्फबारी के चलते चकराता और मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे हिल एरिया पूरी तरह फुल पैक नजर आ रहे हैं।
इसी बीच चकराता से दुखद खबर सामने आई है। कालसी-चकराता मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दिल्ली के दो पर्यटकों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सकरोल कामला (कालसी) निवासी 25 वर्षीय राजेश सिंह और दिल्ली के कल्याणपुर निवासी 23 वर्षीय राजा स्कूटर से चकराता घूमने गए थे। रविवार को भूतिया घूम के पास उनके स्कूटर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, रविवार शाम चकराता से साहिया जा रही एक कार बढोई छानी लाल पुल के पास खाई में गिर गई। हादसे में 15 वर्षीय वंश की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि बर्फबारी के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से यात्रा करें।





