ऋषिकेश। ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रात करीब 10 बजे जब महिला अपने घर में अकेली थी, तभी एक युवक बाइक से गली में पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, युवक ने जाली वाले दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने में लगी। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पहले से रची गई थी हत्या की साजिश
पुलिस का मानना है कि आरोपी सुरेश ने इस हत्या की योजना काफी पहले बना ली थी। वारदात को अंजाम देने के तरीके और घटना के बाद उसका शातिराना व्यवहार इस बात की ओर इशारा करता है कि यह हत्या अचानक गुस्से या आवेश में नहीं, बल्कि पूरी तरह से सोची-समझी साजिश के तहत की गई है।

वाहन छोड़कर फरार हुआ आरोपी
हत्या के बाद आरोपी सुरेश अपने वाहन शहर में ही छोड़कर फरार हो गया। उसकी स्कूटी नगर निगम के समीप और कार आवास विकास क्षेत्र के पास लावारिस हालत में मिली है। पुलिस के अनुसार, वह घटना स्थल तक स्कूटी से पहुंचा था और वारदात को अंजाम देने के बाद बस या किसी अन्य साधन से फरार हो गया।
मोबाइल स्विच ऑफ, पुलिस की रडार पर आरोपी
सुरेश ने हत्या के दिन केवल प्रीति और उसके परिजनों से ही फोन पर बात की थी, जिससे पुलिस को किसी अन्य व्यक्ति से उसकी कड़ी जोड़ने में कठिनाई हो रही है। घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। पुलिस को आशंका है कि वह शहर से काफी दूर निकल चुका है। हालांकि पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी पुलिस की रडार पर है और जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।
संपत्ति बेचने और शादी के दबाव से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेश ने लक्सर में स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी थी, ताकि वह ऋषिकेश में प्रीति के साथ रहने के लिए मकान खरीद सके। लेकिन इतनी राशि में उचित मकान न मिलने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ गया। वहीं, मृतका के परिजनों का आरोप है कि सुरेश प्रीति से शादी करने का दबाव बना रहा था और उसने अपनी पत्नी को भी तलाक दे दिया था। जब प्रीति ने शादी से इनकार कर दिया तो सुरेश ने उसकी हत्या कर दी।
पहले भी कर चुका था मारपीट और उत्पीड़न
मृतका की बड़ी बहन ने बताया कि सुरेश प्रीति का शारीरिक शोषण करता था और पूर्व में कई बार मारपीट भी कर चुका था। एक बार उसने गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी।
राजनीतिक और सामाजिक संपर्क भी आए सामने
आरोपी सुरेश किसी संगठन से जुड़ा हुआ था और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर राज्यसभा सांसद, विधायक, पार्षदों और अन्य नेताओं के साथ कई तस्वीरें मौजूद हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।




