भिलंगना : भिलंगना ब्लॉक के लसियाल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छोटे भाई के साथ मारपीट कर उसके दोनों हाथ कटवाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक जांच यूनिट को भी मौके पर भेजा है। दोनों आरोपियों को 25 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पीड़ित अंग्रेज सिंह बिष्ट (25) निवासी लसियाल गांव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 दिसंबर की रात उसका बड़ा भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि, जो महाराष्ट्र से गांव आए थे, उसके कमरे में घुस आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। जब वह जान बचाने के लिए भागने लगा, तो भाई ने दरवाजे पर खड़ी भाभी से चाकू लेकर हमला कर दिया। इस हमले में उसके दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए।
पीड़ित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और रात में गांव में रह रहे नेपालियों के घर मदद के लिए गया। सुबह उसने चाचा से भी मदद मांगी, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। शाम को आरोपी भाई ही उसे बेलेश्वर अस्पताल लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने एक हाथ बचने की संभावना बताई और प्राथमिक इलाज के बाद पिलखी रेफर कर दिया।
इसके बाद उसे ऋषिकेश के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया, जहां होश में आने पर उसे पता चला कि दोनों हाथ काट दिए गए हैं।
पीड़ित का कहना है कि परिवार में उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।इस मामले में थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई नामजद तहरीर के आधार पर आरोपी भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





