रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिंद्रवाणी गांव में गुलदार ने घर के आंगन में मां के साथ मौजूद पांच साल के बच्चे को झपट्टा मारकर उठा लिया और जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा अपनी मां के साथ घर के आंगन में था, तभी अचानक गुलदार ने हमला किया और बच्चे को मां के हाथ से खींचकर जंगल की ओर ले गया। मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार ओझल हो चुका था।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूलों में अवकाश
घटना के बाद प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।
अवकाश घोषित किए गए विद्यालयों में शामिल हैं—
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील
- सारी
- सिंद्रवाणी
- झालीमठ
- छिनका
- हिलोरीधार
- राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका
- जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल
इसके साथ ही इन विद्यालयों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा।
बच्चे की तलाश जारी, गांव में भय का माहौल
घटना के बाद से ग्रामीण लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। वन विभाग और प्रशासन की मदद से आसपास के जंगलों में बच्चे की तलाश की जा रही है। गांव में भय, चिंता और आक्रोश का माहौल है।
जनप्रतिनिधियों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
फिलहाल पूरे इलाके में ग्रामीण सतर्क हैं और प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। बच्चे की तलाश जारी है।




