---Advertisement---

कोटद्वार ‘बाबा’ विवाद: राहुल गांधी बोले– दीपक भारत के हीरो, नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान

By: Neetu Bhati

On: Monday, February 2, 2026 8:06 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

कोटद्वार : पौड़ी जनपद के कोटद्वार में दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर जारी विवाद में रविवार को कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने खुलकर दीपक का समर्थन किया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए दीपक को भारत का हीरो बताया और भाजपा तथा संघ परिवार पर गंभीर आरोप लगाए।

राहुल गांधी ने लिखा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ परिवार रोज़ संविधान को रौंदने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपक नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं, जो सत्ता को सबसे अधिक चुभता है।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि संघ परिवार देश में जानबूझकर आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है ताकि समाज में विभाजन बना रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज कर सकें। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर असामाजिक ताक़तों को समर्थन देने का आरोप भी लगाया।

राहुल गांधी ने कहा कि नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है। उन्होंने लिखा कि देश को और दीपकों की ज़रूरत है जो न डरें, न झुकें और पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। अंत में उन्होंने कहा, “हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।”

शनिवार को प्रदर्शन, पुलिस ने संभाली स्थिति

शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में पटेल मार्ग स्थित एक दुकान के पास एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मालवीय उद्यान की ओर चले गए।
मालवीय उद्यान में दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की सतर्कता से झगड़ा टल गया।

वार्ता रही असफल, देर शाम शांत हुआ मामला

बजरंग दल के कार्यकर्ता मालवीय उद्यान के पास सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान और एएसपी चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और उन्हें वार्ता के लिए उद्यान के भीतर ले गए, लेकिन बातचीत सफल नहीं हो सकी।
कार्यकर्ता बुधवार को हुई मारपीट की घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment