देहरादून। पहाड़ से लेकर मैदान तक पूरे उत्तराखंड में जंगली जानवरों के हमले लगातार सामने आ रहे हैं। इन घटनाओं में सबसे ज्यादा खतरा उन स्कूली बच्चों को है, जो रोजाना अकेले स्कूल आते-जाते हैं।
जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जनपदों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है, साथ ही बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम भी किए गए हैं।
दूसरी ओर वन विभाग भी अलर्ट मोड पर है। वन विभाग के मुखिया का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जंगली जानवरों की आवाजाही वाले संभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाए गए हैं और अतिरिक्त वन कर्मियों को फील्ड में तैनात किया गया है।
इसके साथ ही सभी प्रभागीय वन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन और वन विभाग का कहना है कि आम लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।





