---Advertisement---

औली में भारी बर्फबारी से जमी सफेद चादर, रास्ते बंद लेकिन पर्यटन को मिली नई रफ्तार

By: Neetu Bhati

On: Wednesday, January 28, 2026 7:32 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

चमोली। उत्तराखंड की मोस्ट फेवरेट स्नोफॉल हिल डेस्टिनेशन औली में बुधवार को भारी बर्फबारी हुई। ताजा बर्फबारी के चलते औली सहित ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है और कई प्रमुख मार्ग बंद हो गए हैं। मंगलवार रात से चमोली जिले के निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश हुई, जबकि औली, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और आसपास की ऊंची चोटियों पर जमकर बर्फ गिरी।

कई प्रमुख मोटर मार्ग बंद

बर्फबारी के कारण जोशीमठ–औली मोटर मार्ग, जोशीमठ–मलारी–नीति मोटर मार्ग और चोपता मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। प्रशासन की ओर से यात्रियों को फिलहाल इन मार्गों पर न जाने की सलाह दी गई है। रास्ते खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।

पर्यटकों से गुलजार औली

हालांकि, बर्फबारी के बावजूद विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालिया बर्फबारी के बाद चमोली जिले में कुछ समय से मंद पड़े पर्यटन कारोबार को नई ऊर्जा मिली है। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन तीन हजार से अधिक पर्यटक जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।

बर्फ के बीच मस्ती में डूबे सैलानी

औली पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर ओढ़े हुए है। मौसम साफ होने पर पर्यटक धूप का आनंद भी ले रहे हैं। स्की ढलानों पर फन स्की, स्नो मैन बनाना और बर्फ के साथ अठखेलियां करना सैलानियों को खासा भा रहा है। पर्यटक इन खूबसूरत नजारों को अपने कैमरों में कैद कर अपनी यात्रा को यादगार बना रहे हैं।

पर्यटन कारोबार में जबरदस्त उछाल

औली के साथ-साथ मंडल घाटी, चोपता, लोहाजंग, देवाल जैसे क्षेत्रों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि बीते पांच दिनों में करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
औली, ज्योतिर्मठ, पीपलकोटी, चमोली, गोपेश्वर और मंडल क्षेत्र में होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस लगभग फुल चल रहे हैं।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment