देहरादून। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से विशेष जन जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान जांच किए गए खाद्य पदार्थों में दूध और मसालों में अनियमितताएं पाई गईं।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सचिन कुर्वे के निर्देश पर कैंप त्यागी रोड क्षेत्र में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आम उपभोक्ताओं को अपने किचन में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थ जैसे दूध, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी, मसाले और दाल आदि की मौके पर निशुल्क जांच की सुविधा दी गई।
खाद्य सचल विश्लेषणशाला द्वारा कुल 71 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। जांच में पांच नमूनों में दूध में मिल्क फैट निर्धारित मानक से कम पाया गया, जबकि तीन मसालों में स्टार्च की मिलावट सामने आई। विभाग ने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून मनीष सयाना ने बताया कि आम उपभोक्ता अपनी सोसायटी या कॉलोनी में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की निशुल्क जांच के लिए विभागीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी ने विकासनगर व्यापार मंडल के साथ बैठक कर व्यापारियों को खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण एवं खाद्य डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इस दौरान आठ हाई-रिस्क खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया।
भारतीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण के निर्देशानुसार पांच सीरियल प्रोडक्ट (दाल) के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त (नोडल) खाद्य सचल विश्लेषणशाला वीरेंद्र सिंह बिष्ट, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, खाद्य विश्लेषक रमेश जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





