देहरादून : क्रिसमस पर्व के मौके पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने देहरादून में सख्त अभियान चलाया। आबकारी आयुक्त के निर्देशों के तहत जिलेभर में विशेष टीमें गठित कर लगातार छापेमारी की गई।
इसी अभियान के तहत कैनाल रोड स्थित एक निजी बार पर आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित विभिन्न ब्रांड की 14 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई 89 कैन बीयर और 4 बोतल वाइन भी जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब त्योहारी सीजन में अवैध रूप से बेचने के लिए जमा की गई थी।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत आबकारी विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




