देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते दिल्ली के हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार उर्फ डीके (38 वर्ष), निवासी मुंतानी डांडा, नई दिल्ली के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से स्मिथनगर में रहकर ई-रिक्शा चलाता था।

जानकारी के अनुसार, अरुण सोमवार शाम पावर हाउस रोड स्थित कुमार सैलून,एक नाई की दुकान से बाल रंगवाकर बाहर निकला, तभी उसकी मुलाकात अजय नाम के युवक से हो गई। दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, और देखते ही देखते बात झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अरुण के हाथ में ब्लेड था, जिससे उसने अजय पर कई बार वार भी किए और जबकि अजय ने भी पलटवार किया और अरुण को दबोच लिया। करीब चार से पांच मिनट तक दोनों में संघर्ष चला, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। इसी दौरान अरुण बेसुध होकर सड़क पर गिर गया और अजय मौके से फरार हो गया ।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अजय और अरुण के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि अरुण करीब ढाई महीने पहले जेल से छूटकर आया था, उस पर धारा 307 (हत्या के प्रयास) का मामला भी दर्ज था।
पुलिस ने अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मृतक की पत्नी शीतल को तहरीर देने के लिए कहा गया है।
पोस्टमार्टम से खुलेंगे राज
पुलिस के अनुसार, अरुण के शव पर कोई गहरी बाहरी चोट नहीं मिली, लेकिन नाक से खून निकलने के निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
पुलिस का कहना है कि घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, जिनसे भी पूछताछ जारी है।





