---Advertisement---

देहरादून: नशेडी का हंगामा रायपुर थाने की हवालात में मौत, जानें क्या है मामला

By: Tarannum Hussain

On: Saturday, March 28, 2026 6:23 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

पेट्रोल पंप पर हंगामा करने के बाद लाई थी थाने पुलिस , मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

देहरादून। राजधानी के रायपुर थाने की हवालात में शनिवार शाम एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को शराब के नशे में हंगामा करने और बिना पैसे दिए पेट्रोल भराने के आरोप में पुलिस थाने लाई थी। पुलिस का दावा है कि युवक हवालात में बेहोश मिला था, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।

पंप पर किया था हंगामा

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर हंगामा कर रहा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे देने से मना कर दिया और कर्मचारियों से बदतमीजी की। मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने आरोपी सुनील रतूड़ी (45 वर्ष), निवासी तपोवन रोड को हिरासत में लिया।

मेडिकल में हुई शराब की पुष्टि

थाने लाकर जब सुनील का एल्कोहल मीटर से परीक्षण किया गया, तो उसमें शराब की मात्रा मानक से कई गुना अधिक (231.6 mg/100ml) पाई गई। पुलिस ने उसे धारा 185/207 एमवी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सुनील थाने के कार्यालय में भी लगातार हंगामा और सरकारी कार्य में बाधा डाल रहा था, जिसके बाद उसे हवालात में दाखिल कर दिया गया।

हवालात में मिला बेहोश

देर शाम निगरानी ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने जब हवालात चेक की, तो सुनील वहां बेहोश पड़ा मिला। आनन-फानन में थानाध्यक्ष और अन्य कर्मी उसे कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पैनल करेगा पोस्टमार्टम, होगी वीडियोग्राफी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस का कहना है कि शव का पंचायतनामा मजिस्ट्रेट द्वारा भरा जाएगा। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी भी होगी। मामले की न्यायिक/मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment