देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून से स्टे डाकपत्थर से दर्दनाक हादसे की खबर है। बताया जा रहा है कि यहां हरिपुर-कोटी-क्वानू- मीनस राजमार्ग पर लालढांग के पास एक लोडर (पिकअप) अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़कते हुए टोंस नदी में गिर गया। दुर्घटना में विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के अंबाड़ी निवासी वाहन चालक अजय भाटी (26) की मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
थाना कालसी से प्राप्त सूचना के अनुसार कोठी इछाड़ी रोड, लालढांग के समीप एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
SDRF टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर पाया कि पिकअप वाहन सड़क मार्ग से 200 मीटर नीचे नदी में बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। SDRF टीम द्वारा रोप की सहायता से नीचे खाई में उतरकर वाहन तक पहुँच बनाई व वाहन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला, किन्तु दुर्भाग्यवश उसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक की पहचान अजय भाटी पुत्र दिलेराम भाटी, उम्र 26 वर्ष, निवासी अंबाड़ी, विकासनगर के रूप में हुई। SDRF टीम द्वारा शव को बाहर निकालकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।





