---Advertisement---

देहरादून में कश्मीरी युवक पर हिंसा: सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराजगी, धामी से की सख्त कार्रवाई की मांग

By: Neetu Bhati

On: Friday, January 30, 2026 6:35 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक कश्मीरी युवक के साथ हुई हिंसक घटना ने तूल पकड़ लिया है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन के बाद अब जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस मामले पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर घटना पर गहरी चिंता जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उमर अब्दुल्ला ने देहरादून में कश्मीरी शॉल विक्रेता पर हुए हमले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर भी जताई नाराजगी

सीएम उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर लिखा,
“हिमाचल प्रदेश में हुई घटनाओं सहित हाल की यह पूरी श्रृंखला और अब यह नया मामला पूरी तरह अस्वीकार्य है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, लेकिन देश के अन्य हिस्सों में कश्मीर के लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं। मेरी सरकार जहां जरूरत होगी, हस्तक्षेप करेगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।”
उन्होंने गृह मंत्रालय से भी अन्य राज्यों को इस मुद्दे पर संवेदनशील बनाने की अपील की।

सीएम धामी ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन

उत्तराखंड मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही उत्तराखंड में रह रहे जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात भी कही है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज

इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में 18 वर्षीय कश्मीरी शॉल विक्रेता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसकी हड्डियां तक टूट गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से सवाल किया कि क्या इस मामले में ठोस कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना विकासनगर के डाकपत्थर इलाके की बताई जा रही है। बुधवार शाम पीड़ित के परिजनों ने बताया कि हमलावरों ने पहले युवक और उसके परिवार से उनकी पहचान पूछी। जैसे ही उन्हें पता चला कि परिवार मुस्लिम समुदाय से है और कश्मीर का रहने वाला है, हिंसा और बढ़ गई।

हमलावरों ने युवक को बेरहमी से पीटा, घूंसे मारे और नुकीली लोहे की रॉड से हमला किया, जबकि उसके अन्य परिजनों को भी घसीटा गया और थप्पड़ मारे गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोग और विभिन्न संगठन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment