देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता के अनुरोध और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की संस्तुति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य शुरू से अंत तक निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से न्याय सुनिश्चित करना रहा है और आगे भी रहेगा।
माता-पिता के अनुरोध पर लिया गया फैसला
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि हाल ही में उनकी अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात हुई थी। इस दौरान माता-पिता ने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार के इस अनुरोध और उनकी भावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने सीबीआई जांच का निर्णय लिया है।
शुरुआत से निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने बिना किसी देरी के संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
सभी आरोपी गिरफ्तार, उम्रकैद की सजा
सीएम धामी ने बताया कि प्रकरण से जुड़े सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया गया। राज्य सरकार की ओर से मजबूत और प्रभावी पैरवी की गई, जिसके चलते विवेचना और ट्रायल के दौरान किसी भी आरोपी को जमानत नहीं मिल सकी। एसआईटी की गहन जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई और निचली अदालत में सुनवाई पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
वायरल ऑडियो क्लिप पर भी जांच जारी
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप्स के संबंध में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में जांच प्रक्रिया लगातार जारी है और किसी भी तथ्य या साक्ष्य की अनदेखी नहीं की जाएगी।
“अंकिता हमारी भी बहन और बेटी थी”
भावुक होते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता केवल एक पीड़िता नहीं थी, बल्कि वह हमारी भी बहन और बेटी थी। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पहले भी न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध थी और आगे भी पूरी दृढ़ता और संवेदनशीलता के साथ स्वर्गीय अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध रहेगी।




