देहरादून। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक ऑडियो के वायरल होने के बाद प्रदेशभर में हड़कंप मच गया था। इस मामले में अब जांच तेज हो गई है। पूछताछ के बाद आज मंगलवार को उर्मिला सनावर अपना मोबाइल फोन विशेष जांच टीम (एसआईटी) के सामने जमा करेंगी। एसआईटी मोबाइल और वायरल ऑडियो को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजेगी।
दरअसल, पिछले दिनों पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी बातें सामने आने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया। इसके बाद बहादराबाद और झबरेड़ा थाने में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पहले से दर्ज कई मामलों को देखते हुए पुलिस कप्तान ने इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। बीते बृहस्पतिवार को एसआईटी ने उर्मिला सनावर से पूछताछ की थी, जबकि शुक्रवार को सुरेश राठौर से भी लंबी पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान उर्मिला सनावर ने अपना मोबाइल फोन जांच के लिए सौंपने की बात कही थी। इस संबंध में महामंडलेश्वर स्वामी दर्शन भारती महाराज ने जानकारी दी कि मंगलवार को उर्मिला सनावर अपना मोबाइल एसआईटी को सौंपेंगी। इसके बाद ऑडियो की तकनीकी जांच कर सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जाएगी।





