देहरादून। शहर के तिब्बती मार्केट के सामने मंगलवार सुबह 40 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे आपसी विवाद और करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी का मामला सामने आ रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

टेनिस खेलकर लौट रहे थे अर्जुन शर्मा
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (40 वर्ष) निवासी आईटीबीपी क्षेत्र के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित ‘फर्म अमर दीप’ नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक थे। अर्जुन शर्मा रोजाना की तरह मंगलवार सुबह भी तिब्बती मार्केट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे।
टेनिस खेलने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, तभी दो युवक स्कूटी से वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रॉपर्टी विवाद की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति का विवाद हो सकता है। पुलिस के अनुसार अर्जुन शर्मा और उनके भाई को उनकी मां द्वारा संपत्ति से बेदखल किए जाने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।





