देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू दो नवंबर की शाम देहरादून पहुंचेंगी और राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके अगले दिन, तीन नवंबर को, वह उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ नवंबर को देहरादून पहुंचेंगे और एफआरआई में राज्य सरकार के मुख्य आयोजन में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कोर टीम के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं और अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम हर गिरी और कुमकुम जोशी मौजूद रहे।
वहीं, एसएसपी अजय सिंह ने वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे और अपने पहचान पत्र व ड्यूटी कार्ड साथ रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा और आपात सेवाओं की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की है, ताकि रजत जयंती समारोह के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।





