रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 83 वर्षीय बुजुर्ग की आग से झुलसकर मौत हो गई। घटना वार्ड नंबर एक, आनंद विहार बस्ती के पास की है, जहां बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ बीते छह–सात वर्षों से झोपड़ी में रह रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठंड से बचने के लिए दंपति ने झोपड़ी के अंदर आग जलाई थी। इसी दौरान आग बिस्तर और कपड़ों तक फैल गई, जिससे झोपड़ी में देखते ही देखते भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर बुजुर्ग अंदर ही फंस गए।
मंगलवार शाम को जेपीएस स्कूल के पास स्थित आनंद विहार बस्ती में आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी और एक व्यक्ति झोपड़ी के अंदर फंसा हुआ था। हालात को देखते हुए तत्काल फायर सर्विस को सूचना दी गई।
कुछ ही देर में रुद्रपुर फायर सर्विस की टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के बाद झोपड़ी के अंदर फंसे बुजुर्ग को बाहर निकाला गया, लेकिन अत्यधिक झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान 83 वर्षीय रामचंद्र निवासी रामनगर पट्टी, जिला बनारस (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।




